अहमदाबाद PG दुष्कर्म मामले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश, पैर में लगी गोली’

अहमदाबाद के चर्चित जोधपुर PG दुष्कर्म मामले का आरोपी धर्मसिंह ने हेबतपुर में पंचनामा के दौरान पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 August 2026, 5:15 PM IST

Ahmedabad: अहमदाबाद के चर्चित जोधपुर PG दुष्कर्म मामले का आरोपी धर्मसिंह ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की। पुलिस की एक टीम उसे पंचनामा (घटनास्थल की जांच और दस्तावेजीकरण) की प्रक्रिया के लिए हेबतपुर इलाके में ले गई थी। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और PI परमार की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर पुलिस को गोली चलानी पड़ी जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई।

पंचनामा प्रक्रिया के दौरान अचानक हमला

पुलिस के मुताबिक, धर्मसिंह को घटनास्थल से जुड़ी प्रक्रियाओं के लिए हेबतपुर इलाके में ले जाया गया था। उसने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उसने पुलिस टीम से भागने और PI परमार की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की।

ये भी पढ़ें: Ahmedabad Serial Blast: 17 साल बाद आया बड़ा फैसला… अहमदाबाद ब्लास्ट के दोषियों को लेकर क्या बोला हाईकोर्ट?

आरोपी की इस हरकत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे काबू करने की कोशिश की। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक हाथापाई हुई।

हाथापाई के दौरान चली गोली

जोन-7 के DCP शिवम वर्मा के अनुसार, आरोपी को काबू करने की कोशिश के दौरान गोली चली। इस घटना में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया। हालात को तेज़ी से बिगड़ते देख PI परमार ने आत्मरक्षा में आरोपी के पैर पर गोली चलाई।

गोली लगने के बाद धर्मसिंह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर लिया। इसके बाद, घायल आरोपी और कॉन्स्टेबल दोनों को इलाज के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल पहुंचने पर आरोपी का बदला व्यवहार

घटना के बाद, अस्पताल में आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदला हुआ दिखा। स्ट्रेचर पर लेटे हुए धर्मसिंह ने हाथ जोड़कर पुलिसकर्मियों से माफी मांगी। दर्द से कराहते हुए उसे पुलिस से माफी मांगते देखा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस से माफी मांगी और ऐसी गलती दोबारा न करने का वादा किया।

ये भी पढ़ें: Ahmedabad News: दसवीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, नौवीं के नाबालिग पर लगा आरोप, गिरफ्तार

पुलिस टीम पर हमले के लिए अब अलग केस

घटना की जानकारी मिलने पर JCP और DCP समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी गई। पुलिस अब धर्मसिंह के खिलाफ एक अलग केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत बोडकदेव पुलिस स्टेशन में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपी धर्मसिंह और घायल कॉन्स्टेबल का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Location :  Ahmedabad

Published :  10 August 2026, 5:08 PM IST