ग्रेटर नोएडा बस हादसा: मां को बचाने में बेटे ने गंवाई जान, सभी नौ मृतकों की हुई पहचान

ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड में जान गंवाने वाले सभी नौ यात्रियों की पहचान हो गई है। इनमें महोबा की सुनीता गुप्ता और उनके सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे शशांक भी शामिल हैं। चलने में असमर्थ मां को बचाने की कोशिश में शशांक भी बस से बाहर नहीं निकल सके। हादसे की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 September 2026, 1:52 PM IST

Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर 23 सितंबर की देर रात चलती स्लीपर बस में लगी आग के हादसे में जान गंवाने वाले सभी नौ यात्रियों की पहचान हो गई है। शुक्रवार को महोबा निवासी सुनीता गुप्ता और उनके बेटे शशांक गुप्ता के साथ नोएडा निवासी ओमप्रकाश की भी पहचान हुई। हादसे में मां को बचाने की कोशिश कर रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे की भी आग की चपेट में आने से मौत हो गई।

मां को बचाने के प्रयास में नहीं निकले शशांक

शशांक गुरुग्राम में इंडिगो एयरलाइंस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह करीब एक महीने से अपने साथ रह रहीं मां सुनीता को लेकर महोबा लौट रहे थे। सुनीता पैरों और घुटनों की बीमारी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था।

परिजनों के मुताबिक, दोनों बस की पिछली सीट पर बैठे थे। आग लगने के बाद बस में धुआं तेजी से भर गया और यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बताया गया कि शशांक अपनी मां को अकेला छोड़कर बाहर नहीं निकले। मां को बचाने के प्रयास में दोनों आग और धुएं की चपेट में आ गए।

चेन से हुई ओमप्रकाश की पहचान

हादसे में नोएडा निवासी ओमप्रकाश की भी मौत हुई थी। आग में शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण चेहरे से पहचान मुश्किल थी। बाद में परिजनों ने गले में पहनी चेन के आधार पर उनकी पहचान की।

इन नौ यात्रियों की गई जान

हादसे में छतरपुर निवासी श्रुति रावत, हमीरपुर के राठ निवासी सरोज गुप्ता और उनके बेटे मयंक गुप्ता, हिसार निवासी देवेंद्र सहाय भारद्वाज, जालौन निवासी हर शरण गुप्ता, हमीरपुर के मुस्कुरा निवासी ऊषा देवी, महोबा निवासी सुनीता गुप्ता और उनके बेटे शशांक गुप्ता तथा नोएडा निवासी ओमप्रकाश की मौत हुई।

पिछले 10 सालों में 4 गुना बढ़े अपराध: क्या घरों में ही सुरक्षित नहीं बेटियां? NCRB के इन आंकड़ों ने खोली पोल

चालक और हेल्पर जेल भेजे गए

पुलिस ने बस के दोनों चालक पवन और विनोद तथा हेल्पर योगेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। बस संचालक को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। बस में मौजूद यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में बस के एयर कंडीशनर में स्पार्क के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। नोएडा पुलिस ने कश्मीरी गेट से संचालित होने वाली बसों के संचालन और दस्तावेजों की जांच को लेकर दिल्ली पुलिस से भी जानकारी मांगी है।

जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार के अनुसार, हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सभी नौ मृतकों की पहचान पूरी हो चुकी है और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के समय चालक और परिचालक ने शराब नहीं पी रखी थी।

Location :  Greater Noida

Published :  26 September 2026, 1:52 PM IST