यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा विधायक की एस्कॉर्ट गाड़ी को डंपर ने मारी टक्कर, दारोगा की मौत और कई पुलिसकर्मी घायल

यमुना एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा से आ रहे डंपर ने भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा एस्कॉर्ट गाड़ी को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दरोगा राजेंद्र सिंह की मौत हो गई, जिनकी सुरक्षा ड्यूटी का यह पहला दिन था और वह अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले थे।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 June 2026, 9:49 AM IST
google-preferred

Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी को गलत दिशा से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दारोगा राजेंद्र सिंह की मौत हो गई और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मृतक दारोगा की विधायक सुरक्षा ड्यूटी का यह पहला दिन था और वह अगले महीने रिटायर्ड होने वाले थे।

गलत दिशा से आए डंपर ने मचाई तबाही

ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी को गलत दिशा से आ रहे एक डंपर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयावह था कि एस्कॉर्ट में सवार सभी पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक दारोगा ने दम तोड़ दिया।

विधायक जेवर एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे

भाजपा विधायक राजेश चौधरी रविवार दोपहर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जेवर एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। उनकी सुरक्षा में पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी आगे चल रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 33 के पास गलत दिशा में आ रहे एक डंपर ने एस्कॉर्ट वाहन को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान दारोगा राजेंद्र सिंह की मौत

हादसे में घायल सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान दारोगा राजेंद्र सिंह की मौत हो गई। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। इस हादसे में भाजपा विधायक राजेश चौधरी पूरी तरह सुरक्षित रहे।

ड्यूटी का पहला दिन बना आखिरी दिन

दारोगा राजेंद्र सिंह की विधायक सुरक्षा ड्यूटी का यह पहला ही दिन था। उन्हें हाल ही में विधायक की सुरक्षा में तैनात किया गया था। ड्यूटी शुरू होने के कुछ घंटों बाद ही हुए हादसे में उनकी जान चली गई। राजेंद्र सिंह मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले थे और आगामी 31 जुलाई को रिटायर्ड होने वाले थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

अमृतपुर विधानसभा में सपा का बड़ा चेहरा, मनोज मिश्रा की राजनीतिक सक्रियता तेज, टिकट के लिए दावेदारी मजबूत

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य कराया गया।

आधी रात को ढाई बजे कमरे का खुला दरवाजा… और सोते रह गए भाई-भाभी, गोरखपुर में रिश्तों का कत्ल

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

डीसीपी रवि शंकर निम्म ने बताया कि दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक दारोगा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। वहीं विधायक राजेश चौधरी ने दारोगा राजेंद्र सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

Location :  Greater Noida

Published :  22 June 2026, 9:49 AM IST

Advertisement