
घटना की जानकारी देती सीओ जनी दीपांशी राठौर (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Gorakhpur: गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्यारहवीं कक्षा के एक छात्र ने ऑनलाइन गेम पबजी (PUBG) की लत और उस पर चढ़े कर्ज को चुकाने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। छात्र की इस हरकत ने न सिर्फ उसके परिवार को सदमे में डाल दिया, बल्कि पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए। पॉकेट मनी खत्म होने और दोस्तों से लिए गए कर्ज को चुकाने के लिए किशोर ने अवैध तरीके से रुपये ऐंठने का यह नायाब और खतरनाक रास्ता चुना।
साजिश को अंजाम देने के लिए छात्र ने बेहद शातिर तरीका अपनाया। उसने खुद को दिल्ली में रहने वाली अपनी एक महिला मित्र के जरिए AI की मदद से अपनी ही आंख फूटी हुई एक खौफनाक तस्वीर तैयार करवाई। इसके बाद उसने अपने पिता के व्हाट्सएप नंबर पर वह तस्वीर भेजी और साथ में एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की। संदेश में लिखा गया कि यदि समय पर रुपये नहीं दिए गए, तो उसकी हालत इससे भी ज्यादा भयानक कर दी जाएगी। बेटे की इस हालत को देखकर व्यापारी पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
घबराए हुए पिता ने बिना देर किए सिकरीगंज थाने पहुंचकर अपने बेटे के अपहरण का मामला दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ऐक्शन लिया। हालांकि छात्र ने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा था, लेकिन वह पब्लिक वाईफाई का इस्तेमाल कर रहा था, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण तकनीकी सुराग (CDR और सर्विलांस) मिल गए। पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज सवा दो घंटे के भीतर उरुवा क्षेत्र में स्थित उसके एक दोस्त के घर से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने सच उगल दिया और पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब बच्चों या किशोरों द्वारा इस तरह की मनगढ़ंत अपहरण या किडनैपिंग की कहानियां रची गई हों। हाल ही में, 8 जुलाई 2026 को गोरखनाथ क्षेत्र में एक बच्चे ने नानी के यहां रुकने की जिद में खुद के किडनैप होने का शोर मचाया था, जो बाद में जांच में फर्जी निकला। इसके अलावा, 30 जून 2026 को भी इसी थाना क्षेत्र के एक नौवीं के छात्र ने घर से जाने के बाद परिजनों को अपहरण की झूठी कहानी सुनाई थी। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों और उनकी मानसिक स्थिति पर कड़ी नजर रखें।
Location : Gorakhpur
Published : 13 August 2026, 11:21 AM IST