एनएच-28 पर मौत बनकर दौड़ा गैस सिलेंडर ट्रक… एक पल की चूक और हाईवे पर मच गया हड़कंप

गोरखपुर के एनएच-28 पर गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दंपती बाल-बाल बच गए, जबकि ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल किया और चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post Published By: Komal Pandey
Updated : 15 June 2026, 5:04 PM IST

Gorakhpur: गीडा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गैस सिलेंडरों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार में सवार दंपती बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था बहाल कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला? 

जानकारी के अनुसार भीटी रावत निवासी सौरभ तिवारी सोमवार सुबह अपनी पत्नी के साथ कार से गोरखपुर स्थित कार्यालय जा रहे थे। उनकी कार गीडा सेक्टर-15 के पास एनएच-28 से होकर गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहा गैस सिलेंडरों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार से जा भिड़ा।

कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। अचानक हुई दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार सवारों की मदद की। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कार में बैठे दंपती सुरक्षित बाहर निकल आए।

Shivani Murder Case: ऑनर किलिंग से दहला पुलिस थाना, यूपी में हवालात के बाहर बेटी की गला रेतकर हत्या

ट्रक चालक वाहन से उतरकर मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन से उतरकर मौके से फरार हो गया। इससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक गैस सिलेंडरों से भरा होने के कारण लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल भी बना रहा। हालांकि किसी प्रकार का रिसाव या अन्य अप्रिय घटना नहीं हुई।

सूचना मिलने पर गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने ट्रक के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन और उसके मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक बांसगांव क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान! SIT जांच पर उठाए सवाल, योगी सरकार को घेरा

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 June 2026, 4:19 PM IST