
छापेमारी में क्या-क्या मिला
Maharajganj: महराजगंज में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब फरेन्दा क्षेत्र के विश्रामपुर चौराहे पर एक किराना दुकान में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण का बड़ा खुलासा हुआ। प्रशासन की टीम ने छापेमारी कर 268 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह कार्रवाई अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत की गई, जिसने स्थानीय स्तर पर इस गोरखधंधे की पोल खोल दी है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को लगातार यह सूचना मिल रही थी कि विश्रामपुर चौराहे पर एक किराना दुकान की आड़ में ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण और ऊंचे दामों पर बिक्री की जा रही है। इसी आधार पर 30 मई 2026 को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की।
महराजगंज में विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी से हड़कंप, खुफिया एजेंसियां कर रहीं पूछताछ
छापेमारी के दौरान सबसे पहले दुकान के बाहर आधा लीटर की पानी की बोतल में भरा हुआ ज्वलनशील पदार्थ मिला, जिससे टीम को शक और गहरा गया। इसके बाद अंदर की तलाशी ली गई, जहां बड़े पैमाने पर पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण पाया गया। तलाशी में 20-20 लीटर के पांच गैलन, एक ड्रम, कई प्लास्टिक बोतलों और अन्य कंटेनरों में कुल 146 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया। इसके अलावा अलग-अलग डिब्बों और गैलनों में रखा 122 लीटर डीजल भी जब्त किया गया। इस तरह कुल 268 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया।
मामले में दुकान संचालिका तान्या जायसवाल, पत्नी मिंटू जायसवाल से जब पेट्रोल-डीजल के भंडारण और बिक्री से जुड़े लाइसेंस और दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकीं। अधिकारियों के अनुसार बिना लाइसेंस ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण न केवल अवैध है, बल्कि यह गंभीर सुरक्षा खतरा भी पैदा करता है, क्योंकि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
महराजगंज में रात के अंधेरे में कौन फैला रहा दहशत? चार दुकानों के टूटे ताले से मचा हड़कंप
जांच के दौरान महिला संचालिका ने लिखित बयान में स्वीकार किया कि वह मुनाफे के लिए पेट्रोल का भंडारण कर बिक्री करती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि डीजल का कुछ हिस्सा निजी वाहन के उपयोग के लिए रखा गया था, लेकिन प्रशासन ने इस दलील को वैध नहीं माना क्योंकि किसी भी प्रकार का लाइसेंस मौजूद नहीं था।
अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण और जमाखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 30 May 2026, 9:09 PM IST