स्कूल गई… लेकिन घर नहीं लौटी! नाबालिग छात्रा के लापता होने से मचा हड़कंप, तीन नामजद पर केस दर्ज

गोरखपुर में सुबह स्कूल के लिए निकली नाबालिग छात्रा देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार की चिंता बढ़ गई। तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। जांच में कुछ अहम नाम सामने आए हैं।

Gorakhpur: खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर पुलिस चौकी अंतर्गत 14 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। छात्रा 21 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।

बेटी के घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खजनी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।

मामा ने युवकों पर लगाया आरोप

पीड़िता के मामा द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उनकी बहन की सहेली के परिचित दो युवक अक्सर उनके घर आते-जाते थे। छात्रा भी इन युवकों से मोबाइल फोन पर बातचीत करती थी। परिजनों को आशंका है कि इन्हीं लोगों के संपर्क में आने के बाद छात्रा अचानक लापता हुई है। मामले में तीन लोगों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

ये भी पढ़ें- चोरी का राज खुला! देवरिया में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, बैटरियां-इन्वर्टर बरामद; अवैध चाकू भी मिला

पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा के सुरक्षित लौटने की संभावना को देखते हुए इंतजार किया, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर मामले को गंभीर मानते हुए प्रारंभिक जांच के आधार पर खजनी थाने में केस संख्या 234/2026 के तहत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज कर लिया।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर में गैंगस्टरों पर पुलिस का बड़ा वार! सालों से दहशत फैला रहे दो बदमाश आखिरकार चढ़े हत्थे

पुलिस कई ठिकानों पर दे रही दबिश

महुआडाबर चौकी प्रभारी ने बताया कि छात्रा की सकुशल बरामदगी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। परिजन छात्रा की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  24 July 2026, 7:04 PM IST

Related News

Advertisement