
मांस के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने के बाद लगा जाम (Img: Dynamite News)
Gorakhpur News: गोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे मांस के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। गोवंश के अवशेष होने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने चिलवा पुल पर गोला-कौड़ीराम मार्ग जाम कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस, तहसील प्रशासन, एसओजी, एलआईयू और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, चिलवा पुल के पास डड़ारी समय माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर धौसहर उर्फ बेलवाबारी मौजा स्थित धन निरंकार आश्रम के समीप शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे कुछ युवकों ने सड़क किनारे मांस के क्षत-विक्षत अवशेष पड़े देखे। देखते ही देखते इसकी सूचना आसपास के गांवों में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने गोकशी की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
ये भी पढ़ें- दवा खाते ही बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर बोला- यहां से ले जाओ! बदायूं में झोलाछाप की लापरवाही से नवविवाहिता की मौत
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस स्थान पर अवशेष मिले हैं, वहां काफी क्षेत्र में उसर भूमि खाली पड़ी है। कास और घनी झाड़ियों के कारण यह इलाका सुनसान रहता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इसी का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया गया होगा। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अवशेषों को एकत्र कराया और जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर उन्हें मिट्टी में दफना दिया। ग्रामीणों के अनुसार अवशेष करीब दो से तीन डिसमिल क्षेत्र में फैले थे।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सुबह करीब नौ बजे चिलवा पुल पर गोला-कौड़ीराम मार्ग जाम कर दिया। रतन प्रकाश दुबे, गजेन्द्र राय, राजकपूर सिंह, अशोक जायसवाल समेत सैकड़ों ग्रामीण धरने पर बैठ गए। ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पर तहसील प्रशासन के अधिकारी और थाना प्रभारी सीपी पांडेय मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 36 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर जाम खोल दिया और यातायात बहाल हो गया। घटनास्थल पर एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी, सीओ दरवेश कुमार, एसओजी, एलआईयू और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
ये भी पढ़ें- नोएडा में महिला सुरक्षा का सच जानने निकला यूट्यूबर, साड़ी पहनकर किया अनोखा सोशल एक्सपेरिमेंट, वीडियो वायरल
थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अवशेष कहां से आए और उन्हें वहां कौन लेकर आया, इसकी पड़ताल की जा रही है। मामले में अज्ञात के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम-1955 की धारा 3 व 5 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 2 October 2026, 4:54 PM IST