मंदिर परिसर में पेड़ से लटका मिला ‘त्यागी बाबा’ का शव: थाने से छूटने के बाद ऐसा क्या हुआ कि पुजारी ने लगा ली फांसी?

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में एक मंदिर के पुजारी का शव नीम के पेड़ से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक भाइयों से विवाद के बाद जमानत पर छूटा था, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 June 2026, 1:16 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के कोटिया नायक गांव के समीप स्थित समय माता मंदिर परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां रहने वाले एक पुजारी का शव सोमवार सुबह नीम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। रविवार रात को हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने देखा खौफनाक मंजर

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कोटिया नायक गांव के कुछ ग्रामीण दैनिक क्रिया के लिए बाहर निकले थे। शौच से निवृत्त होने के बाद जब वे मंदिर परिसर में स्थित हैंडपंप के पास पहुंचे, तो उनकी नजर नीम के पेड़ से लटक रहे एक शव पर पड़ी। यह खौफनाक मंजर देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों और ग्राम प्रधान को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर गोला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया।

पारिवारिक जीवन छोड़ बने थे 'त्यागी बाबा'

मृतक की पहचान कोटिया नायक निवासी जवाहर यादव (37 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पिता रामदुलार यादव के तीन पुत्रों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जवाहर पिछले कुछ वर्षों से अपने पारिवारिक जीवन से अलग हो चुके थे। उन्होंने साधु का वेश धारण कर लिया था और खुद को "त्यागी बाबा" कहलाना पसंद करते थे। वे गांव के पूर्व दिशा में स्थित समय माता मंदिर परिसर में ही रहकर पूजा-पाठ किया करते थे।

भाइयों से विवाद और पुलिसिया कार्रवाई का कनेक्शन

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को जवाहर अपने घर गए थे। इस दौरान कथित तौर पर नशे की हालत में उनकी अपने भाइयों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह कहासुनी इतनी बढ़ी कि विवाद में तब्दील हो गई और मामला गोला थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों भाइयों का शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत चालान कर दिया। इसके बाद देर शाम न्यायालय से जमानत मिलने पर सभी भाई अपने घर लौट आए थे।

Gorakhpur News: जब जनता से पूछा महंगाई पर सवाल, तो लोगों ने सरकार को लेकर कह दी बड़ी बात!

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

जमानत पर छूटने के बाद जवाहर घर न जाकर सीधे समय माता मंदिर परिसर पहुंचे। माना जा रहा है कि रविवार की रात उन्होंने मानसिक तनाव में आकर मंदिर परिसर में मौजूद नीम के पेड़ पर अपने गमछे का फंदा बनाया और फांसी लगा ली। सोमवार सुबह इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गोला पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट व आगे की विधिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 June 2026, 10:27 AM IST