
गोरखपुर में खूनी तांडव (Img: Google)
Gorakhpur : गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में दूध का बकाया पैसा लेने जा रहे एक युवक पर हुए कथित जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घायल युवक का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार फत्तेपुर निवासी सन्नी यादव ने बताया कि उसका भाई रितेश यादव शनिवार रात दूध का बकाया भुगतान लेने के लिए जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव की गुड्डी देवी ने उस पर लाठी से हमला कर दिया। इसके बाद आर्यन यादव, आदित्य, धीरज यादव, शुभम यादव, प्रवेश यादव और कौशल यादव समेत अन्य लोगों ने मिलकर रितेश को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने रितेश को तब तक पीटा जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर नहीं गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
Gorakhpur: मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने से पहले आप जिला महासचिव हाउस अरेस्ट, कार्यकर्ताओं में भारी रोष
घायल रितेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बेहतर उपचार की आवश्यकता बताते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। परिजनों का कहना है कि रितेश के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं तथा उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 351(3) एवं 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोला के कोतवाल सी.पी. पांडेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : gorakhpur
Published : 14 June 2026, 9:50 AM IST
Topics : crime news Gola Fattepur Gorakhpur Ritesh Yadav