
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: कैंट थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सवारी बनकर मोबाइल चोरी करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित डोम, अभय सिंह और सनी निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा रंजन ने पुलिस टीम के साथ तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें- दिन में फेरीवाले, रात में सेंधमार: मिर्जापुर में शहद-खिलौने बेचने वाले शातिर चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
मामला 16 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे का है। शिकायतकर्ता ई-रिक्शा से विश्वविद्यालय चौराहे की ओर जा रहे थे। ई-रिक्शा में पहले से ही दो लोग पीछे बैठे हुए थे। विश्वविद्यालय चौराहे के पास शिकायतकर्ता जब ई-रिक्शा से उतरे तो चालक बिना किराया लिए तेजी से वाहन लेकर फरार हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी जेब की जांच की तो मोबाइल फोन गायब मिला। उन्हें संदेह हुआ कि ई-रिक्शा चालक और उसमें पीछे बैठे दोनों लोगों ने मिलकर मोबाइल चोरी किया है।
थाना कैंट गोरखपुर (Img: Dynamite News)
शिकायतकर्ता ई-रिक्शा के बारे में पता करते हुए चिड़ियाघर के पास स्थित कांशीराम आवास पहुंचे। वहां ई-रिक्शा चालक से अपना मोबाइल वापस मांगा तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 593/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 352, 351(3) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें- शादी से लौट रहे थे कार सवार, तभी सामने से प्राइवेट बस ने मारी टक्कर, आधा दर्जन घायल
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित डोम और अभय सिंह कांशीराम आवास, थाना रामगढ़ताल के निवासी हैं, जबकि सनी निषाद रामगढ़, थाना रामगढ़ताल क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने तीनों के पास से चोरी के 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा रंजन, उपनिरीक्षक विवेक राज सिंह, राजेश कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 26 October 2026, 4:47 PM IST