
एम्स थाना क्षेत्र के मलमलिया गांव का मामला (Img: Pinterest)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने सोमवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। एम्स थाना क्षेत्र के मलमलिया गांव में एक बहू पर अपनी सो रही सास पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में सास गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी बहू अपने तीन माह के बेटे को लेकर घर से फरार हो गई, लेकिन पुलिस ने अगले ही दिन उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम बहू वंदना मोबाइल फोन पर किसी युवक से बात कर रही थी। इस पर सास आशा देवी ने उसे टोका, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और सभी रात में अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
आरोप है कि रात करीब 11 बजे बहू रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर सास के कमरे में पहुंची। जब आशा देवी सो रही थीं, तभी उनकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया। महिला की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अपने मासूम बेटे को लेकर घर से निकल चुकी थी।
परिजनों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घायल आशा देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बहू का किसी युवक से संबंध था और वह अक्सर देर रात मोबाइल पर उससे बात करती थी। उनका कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद बहू ने अपनी आदत नहीं बदली। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल महिला के बयान और परिवार के मुखिया की तहरीर के आधार पर आरोपी बहू के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। मंगलवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
Deoria Rainfall: मानसून की पहली बारिश और देवरिया में पानी-पानी, गर्मी के बीच दफ्तर लबालब
सीओ कैंट आभा सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 30 June 2026, 3:43 PM IST