पड़ोसी ने रची थी किडनैपिंग और कत्ल की साजिश, गोरखपुर पुलिस ने 4 आरोपियों को भेजा जेल

गोरखपुर के खजनी में 12 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साजिश में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में पड़ोसी सर्वेश द्वारा हत्या की बात सामने आई थी, जिसके बाद साजिश रचने वाले परिजनों को भी दबोच लिया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 July 2026, 4:44 PM IST

Gorakhpur: खजनी थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए षड़यंत्र में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी पर अपहरण और हत्या की साजिश रचने का आरोप है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जयन्त कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई को एक व्यक्ति ने अपने 12 वर्षीय पुत्र के अचानक लापता होने की सूचना थाना खजनी में दी थी। शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ये भी पढ़ें - Crime in Gorakhpur: नाबालिग वैभव वर्मा की हत्या के विरोध में खजनी-गोरखपुर मार्ग जाम; सड़कों पर उतरे लोग, आक्रोश के बीच भारी तनाव

कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच में सामने आया कि पड़ोस में रहने वाला सर्वेश कुमार भट्ट उर्फ बिट्टू मासूम को अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ाया।

आरोपियों को किया गिरफ्तार

विस्तृत विवेचना में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि घटना केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें परिवार के अन्य सदस्यों की भी कथित भूमिका रही। इसी आधार पर पुलिस ने षड़यंत्र में शामिल होने के आरोप में हरिनरायण शर्मा, सत्येन्द्र कुमार भट्ट उर्फ जिले, अनामिका शर्मा तथा बबली शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी खजनी थाना क्षेत्र के रूद्रपुर सीबी सिंह गली के निवासी हैं।

धाराओं के तहत कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना खजनी में दर्ज मुकदमा संख्या 239/2026 में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Murder in Gorakhpur: गोरखपुर में नाबालिग वैभव वर्मा की हत्या, तहखाने से मिला शव; खजनी में भारी तनाव, पुलिस बल तैनात

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयन्त कुमार सिंह, महिला उपनिरीक्षक प्रीति यादव, हेड कांस्टेबल अनिल चौधरी, कांस्टेबल अरविन्द यादव, आरक्षी संस्कार यादव तथा महिला कांस्टेबल अंकिता गुप्ता शामिल रहीं।

पूरे इलाके में शोक का माहौल

मासूम की हत्या की इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और यदि विवेचना में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  30 July 2026, 4:44 PM IST