ऑक्सीजन प्लांट को नहीं छोड़ा… CHC में तोड़फोड़ से मचा हड़कंप, मरीजों की जिंदगी से जुड़ी व्यवस्था पर बड़ा खतरा

गोरखपुर के सीएचसी गोला में उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में तोड़फोड़ का मामला सामने आया। यह वही व्यवस्था है जो गंभीर मरीजों के लिए जीवनरक्षक ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में मदद करती है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 July 2026, 3:32 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला में स्थापित पीएसए ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अस्पताल परिसर में लगा यह प्लांट मरीजों को निर्बाध ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था, लेकिन तोड़फोड़ के कारण इसकी कार्यक्षमता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मशीन के कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, सीएचसी गोला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरेन्द्र नाथ ठाकुर ने थाना गोला में दी गई तहरीर में बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व रात के समय अज्ञात लोगों ने पीएसए ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर मशीन के विभिन्न हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह कर्मचारियों के अस्पताल पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़ें- यूपी में 50 हजार के इनामी शूटर का एनकाउंटर, मुन्ना बजरंगी गैंग से भी जुड़ा था नाम; आखिर कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

चिकित्सा अधीक्षक ने अपनी तहरीर में कहा कि ऑक्सीजन प्लांट अस्पताल की महत्वपूर्ण चिकित्सा व्यवस्था का हिस्सा है। इसके क्षतिग्रस्त होने से मरीजों को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में परेशानी उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

तहरीर के आधार पर थाना गोला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(5) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 एवं 4 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

ये भी पढ़ें- हर सुबह इस रास्ते पर दांव पर लगती है जिंदगी… वहीं फिर मंडराने लगा मौत का साया

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, अस्पताल प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग उठाई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 July 2026, 3:32 PM IST