
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बैंक कर्मचारी को झांसा देकर 4 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख से अधिक नकदी, दो लग्जरी चारपहिया वाहन और दो आईफोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने पहले बैंक कर्मचारी का विश्वास जीता और फिर योजनाबद्ध तरीके से उसे अपने जाल में फंसा लिया।
जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति बैंक शाखा में पहुंचा और खुद को शाखा प्रबंधक का परिचित बताया। उसने बैंक कर्मचारी से कहा कि वह 11 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) करवाना चाहता है। बातचीत के दौरान उसने बताया कि उसके पास 4 लाख रुपये छोटे नोटों में हैं और वह उन्हें 500-500 रुपये के नोटों में बदलवाना चाहता है। आरोपी ने बड़ी चालाकी से बैंक कर्मचारी का भरोसा जीत लिया। उसने कर्मचारी को वी-मार्ट के पास स्थित एक ज्वेलर्स का नाम बताते हुए नकदी लेने के लिए भेजा। इसी दौरान आरोपी बैंक से 4 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गया।
बहराइच में सड़क पर अचानक आए सांड से हादसा, बाइक सवार कारोबारी समेत दो युवकों की मौत
जब कर्मचारी को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखनाथ पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी टीम को जांच में लगाया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने बिजनौर निवासी मोहित चावला और लखनऊ निवासी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों के पास से 2,00,970 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा एक ब्लैक स्कॉर्पियो, एक ग्रे फ्रॉन्क्स सिग्मा कार और दो आईफोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
राधा कृष्ण मंदिर में घंटा चोरी की कोशिश! लोगों ने रंगे हाथ दबोचे तीन युवक, टूटी खिड़की ने बढ़ाया शक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहित चावला के खिलाफ नोएडा और गौतमबुद्धनगर में चोरी, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रोहित यादव के खिलाफ भी लखनऊ में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं और इनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
गोरखनाथ पुलिस का मानना है कि इस ठगी में अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है। इसलिए मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने पहले किन-किन जिलों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है। गोरखनाथ पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 21 June 2026, 8:53 PM IST
Topics : fraud case Gorakhpur News UP News