Gorakhpur: एम्स की पार्किंग से बाइक चोरी कर गायब हो गया था युवक! महीनों बाद कैंट पुलिस ने ऐसे पकड़ा

गोरखपुर के एम्स अस्पताल की पार्किंग से चोरी हुई मोटरसाइकिल का मामला अब सामने आया है। बाइक चोरी की शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही थी। अब कैंट पुलिस ने खजनी के एक युवक को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 8:39 PM IST

Gorakhpur: अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक व्यक्ति की बाइक पार्किंग से चोरी हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब मोटरसाइकिल का पता नहीं चला तो पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। अब इस मामले में कैंट पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक खजनी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान खजनी थाना क्षेत्र के भीटी खोरिया गांव निवासी कृष्णानंद पाण्डेय पुत्र संजय पाण्डेय के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में कार्रवाई की जा रही थी।

ये भी पढ़ें- Amethi News: 24 साल की उम्र में हत्या के मुकदमे से शुरू हुआ अपराध का सफर, 18 साल बाद गैंगस्टर एक्ट में साथी समेत गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत बेतियाहाता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक राज सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने कृष्णानंद पाण्डेय को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।

एम्स की पार्किंग से गायब हुई थी बाइक

जांच के दौरान पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल के चोरी होने का मामला पहले से थाना एम्स में दर्ज है। घटना 30 मई 2025 की बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल से एम्स अस्पताल पहुंचा था। उसने बाइक अस्पताल परिसर की पार्किंग में खड़ी की और इलाज से जुड़े काम के लिए अंदर चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो पार्किंग में उसकी मोटरसाइकिल नहीं थी।

पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। मामले में थाना एम्स पर मुकदमा अपराध संख्या 234/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

कैंट थाने में भी दर्ज हुआ नया मुकदमा

पुलिस ने अब बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कैंट में मुकदमा अपराध संख्या 603/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- शिक्षकों के आक्रोश के आगे झुका प्रशासन, सुलतानपुर लिफ्ट हादसे के बाद SDM सदर हटाई गईं, सिटी मजिस्ट्रेट को कमान

पुलिस टीम में ये लोग रहे शामिल

इस कार्रवाई में बेतियाहाता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक राज सिंह के साथ कांस्टेबल उपेंद्र यादव और कांस्टेबल शंभु चौहान शामिल रहे। एम्स की पार्किंग से चोरी हुई बाइक की बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 November 2026, 8:39 PM IST