यूपी में Gold Smuggling का गजब तरीका! 3.92 करोड़ का सोना पुलिस के लिए बना राज़

पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की किआ कैरेंस कार संख्या HR22W2830 से दो लोग बिहार की ओर से सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना के आधार पर चंदौली कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 9 September 2026, 9:49 AM IST

चंदौली: कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने बुधवार तड़के नवही पुलिया हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किआ कैरेंस कार से करीब 3.92 करोड़ रुपये कीमत का सोना बरामद किया है। पुलिस ने कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने का वजन 2 किलो 565.720 ग्राम बताया गया है।

गियर बॉक्स के नीचे बनाया था सीक्रेट बॉक्स

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने सोने को छिपाने के लिए कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनवा रखा था। सोने की दो सिल्लियों को कपड़े के लंबे बेल्ट में लपेटने के बाद भूरे रंग के सेलो टेप से पैक किया गया था। पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और संबंधित कार भी बरामद की है।

बिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा था सोना

स्वाट/एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की किआ कैरेंस कार संख्या HR22W2830 से दो लोग बिहार की ओर से सोना लेकर दिल्ली जा रहे हैं। सूचना के आधार पर चंदौली कोतवाली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया। चालक ने कार को किनारे से निकालकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने वाहनों की मदद से कार को रोक लिया।

पूछताछ में खुला सोना छिपाने का राज

पुलिस की पूछताछ में कार सवारों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे एक विशेष बॉक्स बनाकर सोना छिपाया गया है। दोनों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से ही उन्होंने पुलिस को देखकर वाहन भगाने का प्रयास किया था।

आरोपितों की निशानदेही पर बॉक्स खोलकर तलाशी ली गई। इसमें कपड़े के लंबे बेल्ट में लिपटी दो सिल्लियां मिलीं। दोनों ने सिल्लियों को सोना बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपित बरामद सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

आयकर और राजस्व आसूचना विभाग ने की जांच

सोना बरामद होने की सूचना पर आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग के अधिकारी सरकारी मूल्यांकनकर्ता के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में सोने का वजन कराया गया, जो 2 किलो 565.720 ग्राम निकला।

सरकारी मूल्यांकनकर्ता ने बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई। आयकर विभाग की प्रारंभिक जांच में सोना विदेश निर्मित पाया गया।

नियमानुसार बरामद सोना राजस्व आसूचना विभाग को सौंप दिया गया है। आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

महाराष्ट्र और हरियाणा के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान जुबेर मुबारक शेख, निवासी अहिल्या नगर, थाना शांगली, जिला शांगली, महाराष्ट्र और मनीष कुमार, निवासी लाजपत नगर, जिला फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर पांडेय, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, मुख्य आरक्षी राणा प्रताप सिंह, अरविंद भारद्वाज, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश सिंह, अमित सिंह, महेश कुमार, अभिषेक तिवारी और अरुण मिश्रा शामिल रहे।

Location :  Chandauli

Published :  9 September 2026, 9:49 AM IST