पति के साथ रहना पसंद नहीं था, इसलिए प्रेमिका ने खेला बड़ा खेल, पढ़ें भोपाल हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

भोपाल के रातीबड़ इलाके में महिला राखी रैकवार की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पति की प्रेमिका शशि रैकवार ने अपने पुराने बॉयफ्रेंड नरेंद्र के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 August 2026, 4:42 PM IST

Bhopal News: भोपाल में एक खौफनाक हत्या की कहानी सामने आई है, जहां पति के प्रेम संबंध ने एक महिला की जिंदगी खत्म कर दी। पुलिस के मुताबिक, पति की प्रेमिका को यह मंजूर नहीं था कि महिला अपने पति के साथ रहे। इसी जलन और नाराजगी के चलते उसने अपने पुराने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। चार दिन तक लापता रही महिला की लाश जब खंडहर मकान से मिली तो पुलिस जांच रिश्तों की ऐसी उलझी कहानी तक पहुंची, जिसने सभी को हैरान कर दिया।

गुमशुदगी की शिकायत से शुरू हुई जांच

यह पूरा मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र का है। 23 अगस्त को मोनू रैकवार नाम का व्यक्ति पुलिस के पास पहुंचा और अपनी पत्नी राखी रैकवार के गायब होने की जानकारी दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ की, आसपास के इलाकों में तलाश की और संभावित जगहों पर जांच शुरू की, लेकिन चार दिनों तक राखी का कोई सुराग नहीं मिला।

खंडहर मकान में मिली राखी की लाश

27 अगस्त को गोरेगांव इलाके के एक खंडहर मकान में एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राखी रैकवार के रूप में की।इसके बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि राखी की हत्या किसने और क्यों की? जांच आगे बढ़ी तो मामला पति के प्रेम संबंध और आपसी रंजिश से जुड़ता चला गया।

पति की प्रेमिका पर गहराया शक

पुलिस के मुताबिक, मोनू रैकवार की प्रेमिका शशि रैकवार को राखी का अपने पति के साथ रहना पसंद नहीं था। कथित तौर पर इसी वजह से शशि ने राखी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि इस साजिश में शशि ने अपने पुराने प्रेमी नरेंद्र को भी शामिल किया। इसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

घर में बुलाया पुराने प्रेमी को, फिर की हत्या

पुलिस जांच के अनुसार, 23 अगस्त को जब मोनू काम पर गया हुआ था, तब घर में राखी और शशि मौजूद थीं। इसी दौरान शशि ने कथित तौर पर नरेंद्र को घर बुलाया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने मिलकर राखी की हत्या कर दी। आरोप है कि शशि ने राखी का मुंह दबाया, जबकि नरेंद्र ने उसका गला दबाकर दुपट्टे से कस दिया। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर पास के खंडहर मकान में छिपा दिया गया।

CCTV और पूछताछ से खुला हत्या का राज

राखी का शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शशि रैकवार पर शक गहराता गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में शशि ने अपना अपराध स्वीकार किया और नरेंद्र के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शशि रैकवार को भोपाल स्थित उसके घर से हिरासत में लिया। वहीं दूसरे आरोपी नरेंद्र की तलाश करते हुए पुलिस इटारसी पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया है। एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि 27 अगस्त को गोरेगांव में महिला का शव मिला था। जांच के दौरान पति की प्रेमिका और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Location :  Bhopal

Published :  29 August 2026, 4:42 PM IST