हिंदी
मां की शिकायत पर प्रेमिका गिरफ्तार
Noida Desk: नोएडा में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। इस मामले में युवक के महबूबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक और उसकी प्रेमिका लिव-इन रिलेशनशिप में रहते थे। युवक ने सुसाइड किया तो उसकी मां ने पुलिस से कहा कि उनके बेटे ने प्रेमिका की वजह से दुनिया को अलविदा बोला है। बताया जा रहा है कि दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन उससे पहले ही कांड हो गया।
नोएडा के सेक्टर-66 स्थित श्रमिक कुंज में 26 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान लखीमपुर खीरी के गोला गोकरननाथ निवासी सोनू वाजपेई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले एक साल से अपनी प्रेमिका आरती के साथ किराये के कमरे में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनू और आरती दोनों बीएससी पास थे और साल 2022 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। बाद में दोनों लिव-इन में रहने लगे। आरती बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर घर का खर्च चलाती थी, जबकि सोनू कोई काम नहीं करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस के मुताबिक, सोनू को पिछले कुछ समय से जुआ और नशे की लत लग गई थी। आरती जब उसे काम करने और नशा छोड़ने के लिए कहती थी तो दोनों में झगड़ा बढ़ जाता था। कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी थी।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10:00 बजे आरती बाथरूम में गई हुई थी। इसी दौरान सोनू ने कमरे में तौलिये से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब आरती बाहर निकली तो सोनू को फंदे से लटका देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत पड़ोसियों को आवाज लगाई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फेज-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से साक्ष्य जुटाए। अब पुलिस ने मां की शिकायत पर प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
Location : Noida
Published : 27 May 2026, 6:35 PM IST