आखिर बंद कमरे में क्या हुआ था? बेटी की एक गवाही ने खोल दिया जाकिर हत्याकांड का पूरा राज

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में जाकिर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी कथित प्रेमिका और उसकी बहन को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और 14 वर्षीय बेटी की गवाही के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया। मामले की चार्जशीट जल्द दाखिल होगी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 June 2026, 9:45 AM IST

Ghaziabad : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में 23 जून को मिले जाकिर के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन 24 जून को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद जांच की दिशा बदल गई।

सीसीटीवी और बेटी की गवाही बने अहम सबूत

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में जाकिर की कथित प्रेमिका किरण घटना के समय उसके घर आती-जाती दिखाई दी। पूछताछ के दौरान वह लगातार बयान बदलती रही। इसके बाद पुलिस ने उसकी 14 वर्षीय बेटी से बात की। बेटी ने बताया कि उसने दरवाजे के छेद से अपनी मां और मौसी को जाकिर पर हमला करते देखा था। इसी गवाही के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

हत्या की वजह क्या बताई गई?

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में किरण ने बताया कि वह अपने पति के पास लौटना चाहती थी, लेकिन जाकिर ऐसा नहीं होने दे रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि जाकिर उसकी बेटी के प्रति अनुचित व्यवहार कर रहा था। इन परिस्थितियों के चलते उसने अपनी बहन कशिश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

आत्महत्या दिखाने की कोशिश रही असफल

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले सिर पर वार कर जाकिर को बेहोश किया और फिर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में आत्महत्या की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया।

आखिर आधी रात ऐसा क्या हुआ कि ट्रेलर में समा गई बस? 4 की मौत, 25 घायल, ‘नींद की झपकी’ बनी सबसे बड़ी वजह!

10 वर्षों से था कथित प्रेम संबंध

जांच में सामने आया कि जाकिर विवाहित था और उसकी पत्नी व बच्चे रामपुर में रहते हैं। पुलिस के अनुसार, जाकिर और किरण के बीच करीब 10 वर्षों से संबंध थे और पिछले कुछ समय से दोनों साथ रह रहे थे।

जल्द दाखिल होगी चार्जशीट

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और बेटी की गवाही इस मामले में महत्वपूर्ण सबूत हैं। सभी साक्ष्य एकत्र कर जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  30 June 2026, 9:45 AM IST