गाजियाबाद में दोस्त ही बने जल्लाद: बर्थडे पार्टी में केक की जगह छाती और पेट में चाकू मारकर आंतें बाहर निकाली

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय मोहित शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर पहले शराब पी, फिर धारदार हथियार से हमला किया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 2 July 2026, 5:11 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां बर्थडे पार्टी में बुलाकर 12वीं पास युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पुराने विवाद की रंजिश में दोस्तों ने पहले युवक को पार्टी के बहाने घर से बुलाया और फिर घेरकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के सीने और पेट पर कई वार किए गए। जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।

रात 11 बजे दोस्त घर से बुलाकर ले गए

मृतक की पहचान न्यू शांति नगर निवासी मोहित के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात मोहित खाना खाने के बाद घर पर सो रहा था। रात करीब 11 बजे उसके मोहल्ले के दोस्त गौरव, देव और हरि घर पहुंचे। उन्होंने गौरव का जन्मदिन बताते हुए मोहित को पार्टी में चलने के लिए कहा। शुरुआत में उसने मना किया, लेकिन दोस्तों के कहने पर वह उनके साथ चला गया।

Ghaziabad News: बर्थडे के बहाने बुलाया, खिलाया-पिलाया फिर… ऐसी बेरहमी की कि रूह कांप जाए

पार्टी के दौरान किया जानलेवा हमला

आरोप है कि पार्टी के दौरान नशे की हालत में कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच गौरव, देव और हरि ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोहित को घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सीने पर तीन और पेट में चार वार किए। परिजनों का आरोप है कि हमला इतना बेरहमी से किया गया कि उसकी आंतें बाहर आ गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में मौत, सुबह सड़क पर फूटा गुस्सा

गुरुवार तड़के करीब तीन बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली। पुलिस घायल मोहित को एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुबह शव रखकर सड़क जाम कर दिया। महिलाएं धरने पर बैठ गई और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करने लगी।

सूचना मिलने पर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल और एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

20 दिन पहले हुआ था विवाद

मृतक के बड़े भाई मनीष ने बताया कि करीब 20 दिन पहले मोहित का गौरव और देव से विवाद हुआ था। उस दौरान मोहित ने गौरव को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था और सभी लोग साथ में खाटू श्याम और हरिद्वार की यात्रा पर भी गए थे।

Ghaziabad Fire News: साहिबाबाद की टायर फैक्टरी में लगी भीषण आग, मंदिर की दीवार तोड़कर पाया गया काबू

परिजनों का आरोप है कि आरोपी उसी समय से हत्या की साजिश रच रहे थे और आखिरकार बर्थडे पार्टी के बहाने मोहित को बुलाकर वारदात को अंजाम दे दिया। परिवार की एक महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी गौरव का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चाकूबाजी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि हत्या के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  ghaziabad

Published :  2 July 2026, 5:07 PM IST