
गाजियाबाद होटल मौत केस में नया मोड़ (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ghaziabad: गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। दो दिन से लापता चल रही किशोरी का शव एक होटल के कमरे में मिला, जिसके बाद परिवार से लेकर पुलिस तक हर कोई इस घटना की परतें खंगालने में जुट गया है।
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन परिजनों ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मां का आरोप है कि नदीम नाम का युवक लंबे समय से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और बार-बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना।
जानकारी के मुताबिक, विजयनगर थाना क्षेत्र के सुंदरपुरी की रहने वाली किशोरी दो दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। जांच के दौरान पता चला कि किशोरी ने विजयनगर निवासी नदीम के साथ 4 जून को दोपहर करीब 11:30 बजे अंश होटल में एक कमरा किराए पर लिया था। दोनों होटल में साथ रुके हुए थे।
Ghaziabad Murder: एनकाउंटर के बाद खुल रहे राज, पिता नवाब समेत 3 गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
होटल कर्मचारियों के अनुसार, रात के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था। कुछ देर बाद नदीम होटल से बाहर चला गया। कर्मचारियों ने बताया कि उसके जाने के बाद किशोरी ने उनसे नदीम को बुलाने के लिए कहा और फिर अपने कमरे में चली गई।
काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल स्टाफ को शक हुआ। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर किशोरी मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 5 जून की तड़के करीब 2:30 बजे परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की मां का कहना है कि उनकी बेटी बिना बताए घर से चली गई थी। लोगों से उन्हें जानकारी मिली कि बेटी की दोस्ती नदीम से थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की भी चर्चा थी। मां का दावा है कि उन्होंने कुछ दिन पहले भी नदीम को बेटी का पीछा करने से मना किया था।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ऐसा कदम नहीं उठा सकती। परिवार को आशंका है कि किसी तरह के दबाव या प्रताड़ना के चलते यह घटना हुई हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसीपी कोतवाली उपासना पांडे ने बताया कि मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। नदीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय वह होटल के कमरे में मौजूद नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 6 June 2026, 8:02 AM IST