गाजियाबाद: मुरादनगर क्षेत्र में रविवार रात को हुई हिंसक घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। इस घटना में घर में घुसे हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। जिसमें महिला और उसके बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान महिला का पति अपने कमरे में छुपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही डायल 112 और मुरादनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस वालों ने मामले की जानकारी ली। पुलिस महिला और उसके बेटे को अस्पताल में लेकर गई। वहां पर बेटे ने दम तोड़ दिया और महिला का इलाज चल रहा है।
30 वर्षीय बेटे की मौत
मुरादनगर के धेड़ा गांव निवासी पिंटू चौधरी अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार रात करीब पौने नौ बजे का समय था, जब पिंटू की पत्नी गुड्डी अपने 30 वर्षीय बेटे पंकज के साथ घर में थी। इसी समय पास के ही गांव का रहने वाला युवक प्रशांत अपने तीन-चार साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि प्रशांत ने घर में घुसकर महिला पर हमला कर दिया।
पत्नी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी
महिला गुड्डी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। जबकि आरोपी प्रशांत ने अपने साथियों की मदद से फायरिंग की और दोनों पर गोलियां चलाई। गोली लगने से पंकज को पेट और छाती में दो गोलियां लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान महिला का पति घर के अंदर ही छुप गया और अपनी जान बचाई।
आरोपियों से पुराना विवाद
आरोपियों ने हमले के बाद धमकी दी और कार से भाग निकले। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक के पिता ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर प्रशांत उर्फ कबूतर पुत्र पवन, विक्की उर्फ चेटी और सन्नी यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।प्रशांत का आपसी विवाद पहले से चल रहा था। घटना के पीछे किसी पुरानी रंजिश का हाथ माना जा रहा है। पुलिस ने दो टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
मुरादनगर के एसपी मसूरी लिपि नगायच ने कहा है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रात में ही महिला के पति ने घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
आरोपियों की तलाश में लगी पुलिस
अभी तक की जांच में पता चला है कि प्रशांत से पहले भी विवाद चल रहा था और रविवार रात को इसी पुरानी रंजिश को लेकर हमला हुआ। अस्पताल में उपचार के दौरान बेटे की मौत हो गई है, जबकि महिला अभी स्थिर है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं और घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।