फतेहपुर मर्डर मिस्ट्री: लिव-इन पार्टनर का कत्ल कर रची एक्सीडेंट की साजिश, पुलिस ने बेनकाब किया खौफनाक राज

फतेहपुर के थाना राधानगर क्षेत्र में एक साल से लिव-इन में रह रही युवती की हत्या का खौफनाक मामला सामने आया है। आरोपी ने वारदात को सुसाइड या एक्सीडेंट का रूप देने के लिए शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद किया।

Updated : 23 July 2026, 11:00 AM IST
google-preferred

Fatehpur: एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की बेदर्दी से हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर कातिल ने इस खौफनाक वारदात को महज इसलिए दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, ताकि पुलिस और कानून की नजरों से बचा जा सके। हालांकि, फतेहपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है और मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पिता की आशंका पर पुलिस ने शुरू की तफ्तीश

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित पिता महावीर लोधी ने थाना राधानगर में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि उनकी बालिग बेटी बीते एक साल से गंगा सागर नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। पिछले कुछ समय से जब बेटी से कोई संपर्क नहीं हो सका, तो पिता को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पुलिस से शिकायत करते हुए अंदेशा जताया कि गंगा सागर ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है और शव को कहीं छिपा दिया है।

यह भी पढ़ें-Azamgarh: सपा के जुझारू नेता आलमबदी आजमी का निधन; भावुक हुए अखिलेश यादव, बोले- ‘पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति’

28 जून को ही कर दी गई थी हत्या, ट्रैक्टर से ट्रैक पर पहुंचाया शव

प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जब संदिग्ध गंगा सागर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने 28 जून को ही युवती की जीवन लीला समाप्त कर दी थी। इसके बाद वारदात को सुसाइड या एक्सीडेंट की शक्ल देने के लिए उसने अपने तीन साथियों की मदद ली। शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

तीन आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर व बाइक बरामद

फतेहपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। साजिश में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

यह भी पढ़ें-असम में आसमानी आफत: 7 लाख जिंदगियों पर मंडराया संकट, 41 की मौत के बाद सेना-IAF ने संभाला मोर्चा; क्या है मौजूदा हालत

फरार सह-आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें

मामले की जानकारी देते हुए फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य सह-अभियुक्त, जिसने शव को ठिकाने लगाने में मदद की थी, फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी ने दावा किया है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Location :  Fatehpur

Published :  23 July 2026, 11:00 AM IST

Related News

Advertisement