रास्ते में बहन से क्या हुई आखिरी बात? डेढ़ मिनट बाद थम गईं सांसें, फिर भाई ने खुद किया सरेंडर

फतेहपुर के हसवा में एक युवक ने अपनी बहन की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। युवती दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम करती थी और उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव कुएं में फेंका और अगले दिन पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 June 2026, 11:38 AM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक भाई ने अपनी बहन की कथित तौर पर इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह दूसरे समुदाय के युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कुएं में फेंक दिया और खुद पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

प्रेम संबंध बना विवाद की वजह

पुलिस के अनुसार, युवती का पिछले करीब तीन वर्षों से गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक के साथ प्रेम संबंध था। परिवार इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। युवती की शादी भी परिवार ने कर दी थी, लेकिन उसके प्रेम संबंध खत्म नहीं हुए। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

भाई ने समझाने का किया दावा

आरोपी भाई संदीप ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अहमदाबाद से बहन को समझाने के लिए आया था। उसने बहन से पति के घर में रहने और प्रेमी से दूरी बनाने की बात कही, लेकिन वह नहीं मानी। आरोपी के मुताबिक, रास्ते भर समझाने के बाद भी जब बहन अपनी बात पर अड़ी रही तो उसे गुस्सा आ गया।

खेत के पास गला दबाकर हत्या

शुक्रवार शाम संदीप अपनी बहन को गांव ले जाने के बहाने साथ लेकर निकला। हसवा कस्बे के पास एक खेत के निकट दोनों पैदल जा रहे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर बहन का गला दबा दिया। पुलिस के अनुसार, युवती की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में आरोपी ने शव को पास के कुएं में फेंक दिया।

नोएडा में बड़ा हादसा: महामाया फ्लाइओवर के पास पलटी बस, एक दर्जन यात्री घायल

खुद पहुंचा पुलिस चौकी

हत्या के बाद आरोपी पूरी रात जंगल में रहा। शनिवार सुबह वह स्वयं पुलिस चौकी पहुंचा और बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली। आरोपी की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शव को कुएं से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जब सो रहा था शहर, सड़कों पर थे कप्तान, SP विकास कुमार ने आधी रात को अचानक परखी खाकी की चौकसी

पुलिस जांच में जुटी

परिजनों का आरोप है कि युवती के प्रेमी ने कुछ दिन पहले उसकी जान को खतरा होने की शिकायत पुलिस से की थी। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी शिकायत से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को कुछ माह पहले हुए एक अन्य चर्चित हत्याकांड की याद दिला रही है।

Location :  Fatehpur

Published :  14 June 2026, 11:38 AM IST