
गौकशी के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में गौकशी के दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में गौकशी की सूचना मिलने के बाद हथगांव थाना पुलिस संदिग्धों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान हथगांव-अंबापुर रोड के पास पुलिस का सामना दो आरोपितों से हुआ। पुलिस का दावा है कि घिरता देख आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
जवाबी फायरिंग में समीम और आफताब अहमद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक करीब पांच दिन पहले क्षेत्र में तीन गौवंशों की हत्या की घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश कर रही थी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 23 July 2026, 12:35 PM IST