Fatehpur News: DM कार्यालय के सामने युवक ने उठाया बड़ा कदम, 3 साल पुराने जमीन विवाद से था परेशान

फतेहपुर कलेक्ट्रेट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने DM कार्यालय के सामने खुद पर डीजल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक जमीन से जुड़े करीब तीन साल पुराने मामले में न्याय न मिलने से परेशान बताया जा रहा है। सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 28 September 2026, 3:40 PM IST

Fatehpur: उत्तरप्रदेश के फतेहपुर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते रोका

मामला सोमवार दोपहर करीब एक बजे का है जब धाता थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर कबरहा गांव निवासी बृजेश कुमार कलेक्ट्रेट पहुंचा था। वह अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ लेकर आया था और खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। इससे पहले कि स्थिति गंभीर होती, कार्यालय के सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर उसे रोक दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

तीन साल से अधिकारियों के चक्कर लगाने का दावा

बृजेश कुमार आजाद भीम आर्मी भारत एकता मिशन के खागा विधानसभा अध्यक्ष हैं। उसका कहना है कि जमीन से जुड़े विवाद को लेकर वह करीब तीन वर्षों से चौकी, थाना और जिले के अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे अब तक समाधान नहीं मिला। युवक ने आरोप लगाया कि गांव के महेंद्र पटेल ने उसके साथ मारपीट की और 35 हजार रुपये छीन लिए। युवक के मुताबिक उसे धमकी दी गई कि वह कहीं भी शिकायत कर ले, आरोपी का कुछ नहीं बिगड़ेगा।

2023 में भाई की हत्या का भी जिक्र

बृजेश ने बताया कि वर्ष 2023 में उसके भाई श्याम कुमार की हत्या हो गई थी। उसके मुताबिक इस मामले में मुकदमे की अंतिम गवाही पूरी हो चुकी है और अब फैसला आना बाकी है। युवक का आरोप है कि मुकदमे में समझौता करने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इसी विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी उसने आरोप लगाया और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ

कलेक्ट्रेट परिसर में हुई घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक युवक की शिकायत और उसके द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल स्थिति को नियंत्रित रखना और युवक की शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच करना है।

Location :  Fatehpur

Published :  28 September 2026, 3:05 PM IST