अब डर-डर कर नहीं जी सकते… महिला ने एसपी से लगाई गुहार, दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी का आरोप

फतेहपुर में एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि खेत में उसके साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म का प्रयास किया गया, जबकि विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 July 2026, 8:34 PM IST

Fatehpur: जनपद के बिन्दकी थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के कुछ लोगों पर अश्लील हरकत, दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

खेत में चारा काटने के दौरान घटना का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 7 जुलाई को वह खेत में चारा काट रही थीं। इसी दौरान गांव के दो लोग वहां पहुंचे और उन्हें जबरन खेत के अंदर खींच ले गए। महिला का आरोप है कि दोनों ने उसके साथ अश्लील हरकत की और दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर उसके पति मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

ये भी पढ़ें- मैंने अपनी मर्जी से शादी की है… प्रेम विवाह के बाद नवविवाहिता पहुंची SSP दफ्तर, बोली परिवार से है जान का खतरा

महिला का यह भी आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद एक आरोपी ने तमंचा गले पर रखकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपी उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।

पहले भी हो चुका है विवाद

शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि इससे पहले 12 मई को उसके जेठ के साथ भी आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी। उस घटना की शिकायत भी पुलिस से की गई थी, लेकिन आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।

'मुकदमा वापस लेने का बनाया जा रहा दबाव'

महिला का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी आरोपी लगातार परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे सभी लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।

ये भी पढ़ें- बंधे पर नहीं मिला काम, फाइलों में दौड़ पड़ा विकास! तहसीलदार की रिपोर्ट से सिंचाई विभाग के दावों की खुली पोल

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि थाना बिन्दकी में शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।

Location :  Fatehpur

Published :  14 July 2026, 8:34 PM IST