
रिश्वत के जाल में फंसा स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अधिकारी (Img: Google)
Etawah: इटावा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर विजिलेंस टीम ने स्वास्थ्य विभाग में तैनात रजिस्ट्रेशन प्रभारी एवं डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई श्रीजी डायग्नोस्टिक सेंटर से जुड़े लाइसेंस और संचालन अनुमति के मामले में की गई।
मामले में सामने आया है कि पीड़ित नवीन ने विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी अधिकारी ने डायग्नोस्टिक सेंटर खोलने और जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कराने के एवज में कुल साढ़े तीन लाख रुपये की मांग की थी। बताया गया कि इसमें से दो लाख रुपये पहले ही लिए जा चुके थे, जबकि शेष एक लाख रुपये की मांग लगातार की जा रही थी।
शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विजिलेंस टीम ने रणनीति बनाकर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही आरोपी अधिकारी ने एक लाख रुपये की अंतिम किस्त ली, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी को सिविल लाइंस थाने ले जाया गया, जहां उससे लंबी पूछताछ की जा रही है।
गोरखपुर साइबर ठगों का बड़ा क्रैकडाउन, मर्चेंट QR कोड से चला रहे थे करोड़ों का नेटवर्क, 3 गिरफ्तार
इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के बीच मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, विजिलेंस टीम अब यह जांच कर रही है कि क्या इस मामले में और भी लोग शामिल हैं या यह किसी बड़े रिश्वतखोरी नेटवर्क का हिस्सा है।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि डायग्नोस्टिक सेंटरों की अनुमति प्रक्रिया में कहीं और भी अनियमितताएं तो नहीं हो रही हैं। यह मामला अब केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं, बल्कि बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है।
Location : Etawah
Published : 10 June 2026, 5:42 PM IST