
पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट (Img: AI Generated Image)
Etah: एटा जिले में सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन ले जाने का बहाना बनाकर घर से लेकर निकला था। आरोप है कि रास्ते में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया।
घटना के बाद आरोपी अपनी ड्यूटी पर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी लौट गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर एटा लाया है और उसकी निशानदेही पर शव की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फौजी रमाकांत की पत्नी सोनी अपने बच्चों के साथ एटा के कोतवाली सिटी क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। उसका मायका मैनपुरी में है। छह जुलाई को रमाकांत पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान दिलाने की बात कहकर कार से अपने साथ ले गया। उसके साथ गांव निवासी अजय भी मौजूद था।
इसके बाद सोनी वापस घर नहीं लौटी। काफी इंतजार के बाद उसकी मां सरोज देवी ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए रमाकांत और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़ें- चोरी का राज खुला! देवरिया में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, बैटरियां-इन्वर्टर बरामद; अवैध चाकू भी मिला
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी रमाकांत ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद वह दो-तीन दिन तक इधर-उधर घूमता रहा और फिर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जाकर अपनी ड्यूटी पर लौट गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी कराया। इसके साथ ही सेना के अधिकारियों को पत्र भेजा गया। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस की टीम जलपाईगुड़ी के माल बाजार पहुंची, जहां सेना के सहयोग से आरोपी को उसकी तैनाती स्थल से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर एटा लाया गया।
एएसपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। हालांकि अब तक महिला का शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर हजारा नहर और आसपास के क्षेत्र में शव की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर में गैंगस्टरों पर पुलिस का बड़ा वार! सालों से दहशत फैला रहे दो बदमाश आखिरकार चढ़े हत्थे
पुलिस जांच के दौरान आरोपी की कार से सोनी की टूटी हुई चूड़ियां भी बरामद हुई हैं। पुलिस का मानना है कि जब आरोपी ने गला दबाकर हत्या की, उस दौरान सोनी ने खुद को बचाने की कोशिश की होगी। जांच में यह भी सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। छह जुलाई को विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश रची और दोस्त के साथ मिलकर पहले पत्नी के साथ मारपीट की, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी पहले पठानकोट गया और बाद में पश्चिम बंगाल पहुंचकर ड्यूटी ज्वाइन कर ली।
Location : Etah
Published : 24 July 2026, 7:53 PM IST
Topics : Army Soldier Etah Murder etah news Wife Murder Case