पति की मौत के तीन महीने बाद बुजुर्ग महिला ने लगाई फांसी, घर में अकेली रहती थीं; परिवार में मचा कोहराम

फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव में 75 वर्षीय शांति देवी का शव घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार, पति की तीन माह पहले हुई मौत के बाद वह मानसिक तनाव में थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 4:50 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक मार्मिक घटना सामने आई है। थरियांव थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव में शनिवार सुबह 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि तीन महीने पहले पति की मौत के बाद से महिला गहरे मानसिक तनाव में थीं।

घर में अकेली रहती थीं शांति देवी

मृतका की पहचान बहरामपुर गांव निवासी 75 वर्षीय शांति देवी, पत्नी स्वर्गीय शियाराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह घर में अकेली रहती थीं। शनिवार सुबह जब आसपास के लोगों की नजर उनके घर पर पड़ी तो शांति देवी का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

Zen Alpha आंदोलन का साइड इफेक्ट? फतेहपुर के प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस पर लगाये बड़े आरोप

सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के बड़े बेटे मक्खन लाल दिवाकर गांव पहुंचे। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे मक्खन लाल, अर्जुन दिवाकर, बेटी सुमन देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध नजर आए।

तीन महीने पहले हुई थी पति की मौत

मृतका के बेटे मक्खन लाल दिवाकर ने पुलिस को दी गई लिखित सूचना में बताया कि उनके पिता शियाराम ने 21 मई 2026 को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के मुताबिक, पति की मौत के बाद से शांति देवी काफी परेशान रहती थीं और मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। परिवार का कहना है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया होगा।

माया और खजाने की चाह में आस्था पर प्रहार, फतेहपुर की खोजकरक बाबा के मजार पर रात में हुआ कुछ ऐसा कि लोग रह गये दंग

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर थरियांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने महिला के मानसिक तनाव में रहने की बात कही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  1 August 2026, 4:50 PM IST