अमेठी में गड्ढा खोदने को लेकर विवाद, महिलाओं से मारपीट का वीडियो हुआ वायरल

गांव में भूमि विवाद को लेकर तनाव का माहौल देखने को मिला। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट

Post Published By: Jaya Pandey
Updated : 22 June 2025, 4:52 PM IST

अमेठी: जनपद के गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे भक्तिन हरदो गांव में भूमि विवाद को लेकर एक बार फिर से तनाव का माहौल देखने को मिला। गांव में सार्वजनिक रास्ते पर जबरन शौचालय के गड्ढे खुदवाए जाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई और अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता से मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पिंकी पत्नी मनोज और लली पत्नी नीरज ने आरोप लगाया कि गांव में आबादी की भूमि पर एक सार्वजनिक रास्ता है, जिसका उपयोग सभी ग्रामीण वर्षों से आना-जाना करने के लिए करते रहे हैं। लेकिन गांव के ही राजकुमार और अमरनाथ पुत्र शोभनाथ ने इस रास्ते को जबरन बंद करते हुए वहां जेसीबी मशीन से शौचालय के लिए गड्ढा खुदवा दिया।

महिलाओं ने किया विरोध

इतना ही नहीं, गड्ढा खुदवाने के बाद वहां टिनशेड भी लगवा दिया गया जिससे रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया और रास्ते को बंद करने से मना किया, तो आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने एक राय होकर महिलाओं के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही गौरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की एक-एक महिला और एक-एक पुरुष को थाने ले जाकर शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत चालान कर दिया।

ये लोग हुए गिरफ्तार

थाना प्रभारी श्याम नारायण पांडे ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें से पुरुषों की जमानत एसडीएम कोर्ट से हो गई, लेकिन महिलाओं को न्यायालय द्वारा जेल भेज दिया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल

अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन द्वारा विवादित स्थल का निरीक्षण कर उचित कदम उठाने की संभावना जताई जा रही है।

Location :  Amethi

Published :  22 June 2025, 4:52 PM IST