
थाने में कार्रवाई न होने का आरोप (Img- Pinterest)
Deoria: देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी ने एक युवक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी विजय यादव पुत्र हरिराम यादव, निवासी नदौली, कोतवाली सलेमपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के समय उसकी मां घर पर नहीं थीं और वह अकेली थी। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचा और उसकी मां के बारे में पूछताछ करने लगा। आरोप है कि अकेला पाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर वहां से भाग गया।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने पूरी जानकारी अपनी मां को दी और परिवार के साथ कई बार थाने जाकर शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जाएंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 17 July 2026, 11:26 AM IST
Topics : crime news Deoria News Rape Allegation UP News UP Police