
बदमाशों ने वेंडर से मारपीट कर मोबाइल और नकदी छीनी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बेखौफ बदमाशों ने एक वेंडर को अपना शिकार बनाते हुए सरेआम मारपीट की और उसका मोबाइल तथा नकदी छीनकर फरार हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस वक्त प्लेटफॉर्म पर आधे घंटे तक गुंडागर्दी और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था, उस समय यात्रियों की सुरक्षा का दम भरने वाली जीआरपी (GRP) पुलिस मौके से पूरी तरह गायब नजर आई।
पीड़ित वेंडर के अनुसार, रात के समय दो अज्ञात बदमाश अचानक उसके पास आए और जबरन उसका मोबाइल और जेब में रखे पैसे छीनने लगे। जब उसने इस लूटपाट का विरोध किया, तो बदमाशों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर करीब 30 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान वहां मौजूद यात्रियों में डर और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया, लेकिन सुरक्षा का कोई इंतजाम नजर नहीं आया।
देवरिया सदर स्टेशन पर गुंडागर्दी: वेंडर से सरेआम मारपीट व लूटपाट, सवालों के घेरे में जीआरपी#DeoriaRailwayStation #GRPPoliceDeoria @DeoriaPolice pic.twitter.com/EII43TqntL
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) July 28, 2026
यह भी पढ़ें- रामगढ़ताल हादसा: 4-सदस्यीय जाँच समिति करेगी लापरवाही की पड़ताल, 3 दिनों के भीतर देनी होगी रिपोर्ट
यह पूरी वारदात देवरिया सदर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो चुकी है। इसका वीडियो भी सामने आ गया है, जिससे घटना की सत्यता साफ उजागर होती है। इसके बावजूद, पुलिस की ढिलाई और लापरवाही का आलम यह है कि पीड़ित द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें-बलरामपुर स्वास्थ्य घोटाले में अब सामने आया नया नाम, अब इनकी बढ़ने वाली हैं मुश्किलें
जीआरपी पुलिस की भूमिका अब इस पूरे मामले में संदिग्ध नजर आ रही है। पीड़ित वेंडर का गंभीर आरोप है कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने और उन पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उसी पर मामले को दबाने और समझौते का दबाव बना रही है। सीसीटीवी फुटेज मौजूद होने के बाद भी पुलिस का यह ढुलमुल रवैया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और जीआरपी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Location : Deoria
Published : 28 July 2026, 11:45 AM IST