
विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम दुबौली में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 24 वर्षीय विवाहिता आंचल दुबे पत्नी आशुतोष दुबे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और बेटी का शव देखकर बदहवास हो गए।
परिजनों का आरोप है कि आंचल की शादी 29 नवंबर 2021 को आशुतोष दुबे के साथ हुई थी। शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपहार और सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में चार पहिया वाहन और 10 लाख रुपये की मांग को लेकर आंचल को प्रताड़ित करते थे।
परिजनों के मुताबिक जमीन बेचकर करीब चार लाख रुपये भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद कथित दहेज की मांग और उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी बेहद सुशील और संस्कारी थी तथा उसके तीन बच्चे हैं। उनका आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।
मामले में मृतका के भाई चेतन ने खुखुंदू थाने पहुंचकर आशुतोष दुबे समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर खुखुंदू थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विवाहिता की मौत के बाद तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा और इसके चलते महिलाओं के उत्पीड़न पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Location : Deoria
Published : 17 August 2026, 8:44 PM IST