
अतिक्रमण से जाम और हादसे का बढ़ा खतरा (Img: Deoria)
Deoria: देवरिया जिले के बैतालपुर नगर पंचायत क्षेत्र में देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गया है। सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा सामान फैलाने और अस्थायी कब्जों के कारण मुख्य मार्ग संकरा होता जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला रखा है। इसके कारण पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर लंबा जाम लग जाता है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
अतिक्रमण के कारण सड़क पर चलना जोखिम भरा होता जा रहा है। कई बार वाहन चालक अचानक सामने आए सामान या अवैध कब्जों के कारण संतुलन खो देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे अतिक्रमणकारियों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही बैतालपुर डिपो परिसर में भी भारी अव्यवस्था देखने को मिल रही है। दोनों तरफ टैंकरों की लंबी कतारें लगी रहती हैं, लेकिन पार्किंग व्यवस्था का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डिपो प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।
नागरिकों ने मांग की है कि मुख्य मार्ग को तुरंत अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और डिपो परिसर में उचित पार्किंग व्यवस्था बनाई जाए, ताकि यातायात सुचारू हो सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
Location : Deoria
Published : 9 June 2026, 7:42 PM IST