हिंदी
खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले में आगामी रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्रा के नेतृत्व में जिले के कई स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जायसवाल अमूल स्टोर और पूजा मिल्क प्रोडक्ट्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर रखरखाव और साफ-सफाई से संबंधित कमियां पाई गईं। विभाग की ओर से संबंधित प्रतिष्ठानों को इन कमियों के संबंध में नोटिस जारी किया जा रहा है।
वहीं, पूजा मिल्क प्रोडक्ट्स, उसरा में मिलावट की आशंका के चलते दूध का एक और पनीर के दो नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद जांच के परिणाम के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मिली करीब 120 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है, को नष्ट कराया गया। विभाग की कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
Deoria: कागजों में खुल रहे थे आंगनबाड़ी केंद्र, मौके पर लटके मिले ताले! जांच के बाद मचा हड़कंप
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू पाल, घनश्याम वर्मा, श्रीराम यादव, रामसिंगार यादव और प्रेम चंद शामिल रहे। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि आगामी त्योहार को देखते हुए जिले में अभिसूचना आधारित प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
Location : Deoria
Published : 22 August 2026, 6:42 PM IST