हिंदी
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त (Img: Dynamite News)
Deoria: जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि पात्र व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर भटनी, देसही देवरिया एवं तरकुलवा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं माह में 20 दिन से कम कार्य करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के संबंध में एमओआईसी की संस्तुति के आधार पर एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने सभी ब्लॉकों में चार माह से कोई कार्य नहीं करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीपीएम एवं बीसीपीएम द्वारा आशा और एएनएम के भुगतान में लापरवाही पर भी वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रत्येक श्रेणी की तीन-तीन आशा एवं एएनएम को शिक्षक दिवस पर प्रशस्ति पत्र देने को कहा गया।
डीएम ने मातृ एवं शिशु मृत्यु वाले 19 ग्राम पंचायतों में 09 सितंबर को स्वास्थ्य कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। कैंप में बालिकाओं की एनीमिया जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की पहचान, नवजात एवं बच्चों का वजन तथा एमसीपी कार्ड की जांच की जाएगी। आशा, एएनएम और स्वास्थ्य कर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु की अनिवार्य रूप से ऑडिट कराने और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही गांव-गांव स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक शनिवार सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अपने क्षेत्र का भ्रमण करेंगे और लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। नियमित टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड, टीबी, संचारी रोग, डेंगू-मलेरिया, गैर-संचारी रोगों तथा परिवार नियोजन कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 05 सितंबर को तहसील दिवस के अवसर पर कैंप लगाने को कहा गया।
डीएम ने मेडिकल कॉलेज की डायलिसिस यूनिट को एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट करने के निर्देश कार्यदायी संस्था एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस एचके मिश्रा, डिप्टी सीएमओ, एसीएमओ, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डीसीपीएम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Deoria
Published : 3 September 2026, 9:12 PM IST