
एक धमाके ने सब कुछ छीन लिया (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गैस सिलेंडर फटने से एक गरीब परिवार की जिंदगी पलभर में उजड़ गई। भीषण विस्फोट के बाद लगी आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते घर में रखा नकद, जेवरात, खाद्यान्न, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि परिवार को घर से सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। पीड़ित परिवार के मुताबिक मकान निर्माण के लिए घर में रखे करीब ₹1.20 लाख नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा जेवरात, राशन, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की चपेट में आने से परिवार की कुछ बकरियां और मुर्गी के बच्चे भी झुलसकर मर गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मकान और उसमें रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
FIFA वर्ल्ड कप की ये 5 लेडी लक हैं बला की खूबसूरत, ग्लैमर में बड़ी-बड़ी अभिनेत्रियों को देती हैं मात
पीड़ित रामसुभग साहनी ने बताया कि उनका पूरा आशियाना उजड़ गया है। उन्होंने कहा कि मकान निर्माण के लिए रखे ₹1.20 लाख नकद, जेवर, राशन, कपड़े और वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान आग में जलकर खत्म हो गया। अब परिवार के सामने रहने और दो वक्त की रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों का कहना है कि पहले शॉर्ट सर्किट से आग लगी और फिर गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने हल्का लेखपाल को बुलाकर नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, आवास और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
Location : Deoria
Published : 7 July 2026, 1:01 PM IST
Topics : Deoria News Fire Accident uttar pradesh