दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर शबीर अहमद लोन उर्फ राजा कश्मीरी को गिरफ्तार किया है। वह बांग्लादेश से आतंकी गतिविधियां संचालित कर रहा था और नेपाल सीमा के रास्ते भारत में घुसकर युवाओं को घुसाने की साजिश रच रहा था।

कुख्यात आतंकवादी ‘राजा कश्मीरी’ को लेकर जाती हुई दिल्ली पुलिस
New Delhi: दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब स्पेशल सेल ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के हैंडलर शबीर अहमद लोन उर्फ ‘राजा कश्मीरी’ को पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, शबीर नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था और यहां युवाओं को बरगलाकर आतंकी संगठन में भर्ती करने की फिराक में था।
पहले पकड़े गए मॉड्यूल का था मास्टरमाइंड
जांच में खुलासा हुआ है कि शबीर हाल ही में पकड़े गए LeT मॉड्यूल का मुख्य साजिशकर्ता था, जिसमें सात बांग्लादेशी नागरिक समेत कुल आठ लोग गिरफ्तार किए गए थे। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने ही शबीर का नाम अपने बांग्लादेश स्थित हैंडलर के रूप में बताया था। इसके बाद से ही एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थी।
महराजगंज में देखिए पेट्रोल पंपों के हाल, क्या सच में हो रही है दिक्कतें? सच्चाई जानिए इस रिपोर्ट में
पाकिस्तान से मिल रहे थे निर्देश
पुलिस के अनुसार, शबीर को पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर अबू हुजैफा, सुमामा बाबर और अब्दुल रहमान द्वारा निर्देश दिए जा रहे थे। वह एन्क्रिप्टेड ऐप्स और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार कर रहा था। इतना ही नहीं, दिल्ली और कोलकाता में लगाए गए राष्ट्र-विरोधी पोस्टरों के पीछे भी उसी का हाथ सामने आया है।
पहले भी रहा है आतंकी गतिविधियों में शामिल
शबीर अहमद लोन का आपराधिक इतिहास भी बेहद खतरनाक रहा है। वर्ष 2007 में उसे भारी मात्रा में हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसमें AK-47 और ग्रेनेड शामिल थे। इस मामले में उसे दोषी भी ठहराया जा चुका है। इसके अलावा वह जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक अन्य आतंकी मामले में भी वांछित था।
आशिक हो तो हार्दिक पंड्या जैसा: Ex-Wife को 4 करोड़ और गर्लफ्रेंड को गिफ्ट की 1.7 करोड़ रुपये की कार
ऑपरेशन कैसे हुआ सफल
स्पेशल सेल/एनडीआर की टीम ने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर 29 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे गाजीपुर नाले के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही थी और केंद्रीय एजेंसियों का भी पूरा सहयोग मिला।
बरामदगी और आगे की जांच
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से अलग-अलग देशों की करेंसी, एक नेपाली सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ है। जांच एजेंसियां अब उससे जुड़े नेटवर्क और भारत में उसके संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं।