
प्रतीकात्मक छवि (Source internet)
North East Delhi: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके के मौजपुर स्थित एक प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट और यौन दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के शिक्षकों और स्टाफ ने मासूम को कुर्सी से बांधकर पीटा, कान पकड़कर घसीटा और उसके साथ बेरहमी की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बच्चे के पिता ने स्कूल पहुंचकर जब डायरेक्टर से सवाल किया तो कथित तौर पर उन्हें जवाब मिला कि "बच्चे तो ऐसे रोज पिटते हैं, तुम्हें जो करना है कर लो।" इसके बाद पिता ने स्कूल से ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बच्चे का मेडिकल कराया, जिसमें उसके पैर और आंख के पास सूजन मिली। डॉक्टरों ने बच्चे की हालत देखते हुए आगे की जांच के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया। जांच में बच्चे के साथ कथित दुर्व्यवहार के संकेत मिले हैं। पुलिस ने स्कूल की सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
पीड़ित बच्चे के पिता के अनुसार, उनका बेटा मौजपुर स्थित एक प्ले स्कूल में पढ़ता है। पिछले कुछ दिनों से बच्चा रात में सो नहीं पा रहा था और टॉयलेट जाने से बेहद घबराता था। जब बच्चे को ईएनटी विशेषज्ञ को दिखाया गया तो पता चला कि उसके दोनों कान के पर्दों में भारी सूजन है। डॉक्टरों ने मारपीट होने और चोट आने की आशंका जताई।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद बच्चा काफी डरा हुआ है। वह ठीक से सो नहीं पा रहा था और अचानक नींद में रोने लगता था। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे को सामान्य होने में समय लगेगा और उसे काउंसलिंग की जरूरत पड़ सकती है। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
छात्र के पिता ने बताया कि वीडियो में बच्चे का कान पकड़कर पीटा जा रहा था। उसे घंटों कुर्सी से बांधा गया, लात मारकर कुर्सी से गिराया गया और उसका खाना भी छीन लिया गया। एक अन्य फुटेज में स्कूल की आया बच्चे के निजी अंगों के साथ छेड़छाड़ कर रही थी। परिजन का दावा है कि इसी कारण उनका बच्चा टॉयलेट जाने से डरने लगा था।
Location : New Delhi
Published : 30 August 2026, 4:50 PM IST
Topics : 3 Year Old Child Assault Child Abuse Case Delhi Delhi Play School Horror Jafrabad School Case School Teacher Misconduct