Delhi Crime: करावल नगर में कथित छेड़छाड़ विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवक की गई जान

दिल्ली के करावल नगर इलाके में छेड़छाड़ के आरोप के बाद एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक राजकुमार के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 12 September 2026, 3:44 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला से छेड़छाड़ के विवाद के बाद कुछ लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान अंकुर एन्क्लेव निवासी राजकुमार (44) के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर थे।

तीन-चार लोगों ने की पिटाई का आरोप

परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात करीब तीन से चार लोगों ने राजकुमार के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उन्हें राजीव गांधी अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने सुबह पुलिस को दी सूचना

बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजन रात में ही शव लेकर घर लौट आए थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

पुलिस अब घटना के कारणों, मारपीट में शामिल लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

महिला ने लगाया था छेड़छाड़ का आरोप

शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक महिला ने राजकुमार पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसी आरोप के बाद उसकी पिटाई किए जाने की बात सामने आ रही है।

हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

परिवार में पत्नी और एक बेटा

राजकुमार के परिवार में पत्नी और एक बेटा है। मृतक के भाई गिरीश कुमार ने भी घटना की जानकारी दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  12 September 2026, 3:44 PM IST

Advertisement