हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में चलती बस में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक और कंडक्टर ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता कश्मीरी गेट पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में रहती है और स्थानीय सरकारी इंटर कॉलेज में पढ़ती है। घटना अगस्त के अंतिम सप्ताह की बताई जा रही है। छात्रा नोएडा के सेक्टर-65 गई थी। वहां भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह एक चौराहे पर उतर गई।
इसी दौरान उसे दूसरी बस दिखाई दी। छात्रा ने बस के चालक से अपने गंतव्य तक जाने के बारे में पूछा और फिर बस में सवार हो गई। पुलिस के मुताबिक, उस समय बस में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक और कंडक्टर ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान बस दिल्ली की तरफ बढ़ती रही। पीड़िता के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने उसे डराने की कोशिश की, जिससे वह काफी सहम गई।
बताया गया कि आरोपी देर रात तक बस चलाते रहे। बस के दिल्ली पहुंचने के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से बाहर निकली और कश्मीरी गेट पुलिस के पास पहुंची। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और अपना बयान दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और बस के संभावित रूट से जुड़े CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से जांच टीम ने बस और उसमें मौजूद चालक-कंडक्टर की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल बस को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
Balrampur: सपा का दामन थामते ही चुनावी तैयारी तेज, डॉ. मन्नान ने उतरौला से पेश की दावेदारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के दौरान बस किस-किस स्थान से होकर गुजरी और मामले से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं।
घटना ने दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : New Delhi
Published : 31 August 2026, 8:09 AM IST
Topics : crime news Delhi Crime Delhi Police