हिंदी
अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटर ढेर (Source: X)
Shamli: जिले में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, मारे गए दोनों बदमाश अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल शार्प शूटर थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही जिले के सभी संबंधित थानों की पुलिस को सक्रिय कर दिया गया और संदिग्ध बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई।
बताया गया कि पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाश पुलिस को चकमा देकर मन्ना माजरा की तरफ भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान होटल राजमहल के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई। बदमाशों की ओर से की गई गोलीबारी में एक गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को गोली लगी। पुलिस टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित के रूप में हुई है। दोनों राझड़ा, सोनीपत, हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल शार्प शूटर थे।
Sultanpur: एक खबर और बदल गया हाल, बारिश से खराब सड़क की मरम्मत के लिए दौड़ा प्रशासन
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
मुठभेड़ के दौरान घायल दोनों पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
Location : Shamli
Published : 31 August 2026, 7:48 AM IST
Topics : crime news Shamli News UP Breaking News UP Police