गौतमबुद्ध नगर DM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, क्या मुख्य चुनाव आयुक्त की बेटी की जान खतरे में?

नोएडा के गौतमबुद्ध नगर जिलाधिकारी कार्यालय को सोमवार सुबह ई-मेल के जरिए धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर एटीएस, बम निरोधक और श्वान दस्ते ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। डीएम मेधा रूपम की सुरक्षा और ई-मेल के आईपी एड्रेस की साइबर टीम जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 July 2026, 2:00 PM IST

Noida: गौतमबुद्ध नगर जिला कलेक्ट्रेट परिसर को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी कार्यालय को ई-मेल के जरिए भेजे गए धमकी भरे संदेश के बाद पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया। सूचना मिलते ही थाना सूरजपुर पुलिस, आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। अभी भी जांच जारी है।

ई-मेल मिलते ही शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह जिलाधिकारी कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से बम रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई। पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर हर कमरे, कार्यालय और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने भी पूरे परिसर की तलाशी ली। जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

ये भी पढ़ें - Noida: नोएडा में सड़कें, नाली और फुटपाथ बनाना हुआ महंगा, लागू हुआ PWD SOR-2025

जांच में अभी तक नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान

घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कलेक्ट्रेट परिसर में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।

साइबर टीम जुटी धमकी भेजने वाले की तलाश में

पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल किसने और कहां से भेजा, इसका पता लगाने के लिए साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है। ई-मेल की डिजिटल ट्रेल, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - Noida Fire: आधी रात कंपनी में भड़की भीषण आग, ढाई घंटे तक धधकती रहीं लपटें, 8 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

क्या मुख्य चुनाव आयुक्त की बेटी की जान खतरे में?

इस मामले में एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि क्या देश के मुख्य चुनाव आयुक्त की बेटी की जान खतरे में हैं? क्योंकि गौतमबुद्ध नगर की डीएम उन्हीं की बेटी मेधा रूपम है। इसको लेकर भी जांच हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने पूरे तरीके से निगाहें रखी हुई हैं।

Location :  Noida

Published :  13 July 2026, 2:00 PM IST