
गुस्साये लोगों ने लगाया जाम (फोटो- डाइनामाइट न्यूज़)
Chatra: झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (एनएच-22) जाम कर प्रदर्शन किया। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घंघरी गांव के पास एनएच-22 किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान मुकेश यादव, पुत्र महाबीर यादव, निवासी घंघरी गांव के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से युवक की बाइक भी बरामद कर कब्जे में ले ली।
शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विरोध में लोगों ने एनएच-22 जाम कर दिया, जिससे चतरा, गया और अन्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
Chatra: ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ढाई लाख की नशीली सामग्री के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा या अन्य किसी कारण से मौत की सभी संभावनाओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Chatra
Published : 21 July 2026, 9:46 AM IST