हिंदी
खेलते समय पोखरे के पास पहुंचा मासूम प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Chandauli: नौगढ़ थाना क्षेत्र के खास गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर के पास खेलते समय बच्चा अचानक पोखरे में गिर गया। कुछ देर बाद मां की नजर पानी में पड़े बेटे पर गई तो उन्होंने शोर मचाया। परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है।
खास गांव निवासी जिलानी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका चार वर्षीय बेटा इरफान मंगलवार को घर के आसपास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पोखरे के किनारे पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा।
बच्चे के पोखरे में गिरने के कुछ समय बाद उसकी मां शैहमुन निशा की नजर पानी की ओर गई। बेटे को पोखरे में देखकर उन्होंने चीख-पुकार मचाई। उनकी आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की मदद से बच्चे को पोखरे से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. सत्या ने बच्चे की जांच की। जांच के बाद उन्होंने इरफान को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर के इस बारे में बताते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां शैहमुन निशा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि पिता जिलानी भी बेटे की मौत से सदमे में हैं।
इरफान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी डेढ़ वर्षीय छोटी बहन इनाया है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है और पिता जिलानी मजदूरी करके घर का खर्च चलाते हैं। ऐसे में अचानक इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मासूम की मौत की खबर सुनकर गांव के लोग भी परिजनों के घर पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पूरे गांव में गम का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नौगढ़ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष के अनुसार, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मासूम की मौत के बाद खास गांव में सन्नाटा पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण इस हादसे से बेहद दुखी हैं।
Location : Chandauli
Published : 23 September 2026, 2:26 PM IST