हिंदी
नौगढ़ में हुई फायरिंग में मोबाइल दुकानदार घायल (Source: Dynamite News)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार शाम महज दो घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई। पहली घटना में पुराने विवाद को लेकर एक मोबाइल दुकानदार को गोली मार दी गई, जबकि दूसरी घटना में देसी शराब की दुकान पर विवाद के दौरान हवाई फायरिंग की गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश और जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, भरदुआ राजवाहा पुल के पास मोबाइल दुकानदार दैवज्ञ विश्वकर्मा पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली उनके हाथ में लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों का आरोप है कि करीब छह महीने पुराने मोबाइल लेनदेन के विवाद को लेकर हमला किया गया। वारदात के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पहली घटना की जांच चल ही रही थी कि मझगाईं स्थित देसी शराब की दुकान पर दूसरी फायरिंग की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि दुकान पर बैठने को लेकर हुए विवाद में कुछ मनबढ़ युवकों ने अधिवक्ता अजीत कुमार के साथ गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने बंदूक निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दूसरी घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनाओं के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।
Chandauli Police Encounter: 25 हजार का इनामी बदमाश अली हसन मुठभेड़ में घायल, साथी भी गिरफ्तार
एक ही शाम दो फायरिंग की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजारों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस पिकेट बढ़ाने तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।
Location : Chandauli
Published : 8 August 2026, 12:41 PM IST