सुल्तानपुर में श्रद्धालुओं की बस पलटी, ट्रेलर की टक्कर से हुआ बड़ा हादसा; पढ़ें पूरी खबर

सुल्तानपुर के कूरेभार चौराहे पर अयोध्या से लौट रही श्रद्धालुओं की बस को ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और 15 लोग घायल हुए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 6 December 2025, 9:24 AM IST

Sultanpur: सुल्तानपुर जिले के कूरेभार चौराहे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अयोध्या दर्शन कर लौट रहे महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट टूरिस्ट बस को तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रेलर दोनों पलट गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

अयोध्या से लौट रही थी श्रद्धालुओं की बस

जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट टूरिस्ट बस में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के कलाने, तालुका दरंगा क्षेत्र के करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। सभी लोग अयोध्या रामलला के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। बस जब कूरेभार चौराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस में टक्कर मार दी।

सुल्तानपुर अस्पताल में AAP का जोरदार प्रदर्शन: प्रभारी चिकित्साधिकारी बोले, ‘अर्थी मरीजों की नहीं, सरकार या CM की निकालिए’

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग बिना देर किए मौके पर पहुंचे। बस के पलट जाने के कारण कई यात्री अंदर ही फंस गए थे। ग्रामीणों ने दरवाजे और खिड़कियां तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत एंबुलेंस से कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया।

45 वर्षीय महिला श्रद्धालु की मौत

इलाज के दौरान वर्षा किरन पाटिल, उम्र 45 वर्ष, निवासी पुणे, को बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत के बाद स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और परिजनों में कोहराम मच गया। वर्षा पाटिल अपने परिवार और अन्य ग्रामीणों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए आई थीं। दुर्घटना की खबर मिलते ही महाराष्ट्र में उनके गांव में भी शोक की लहर फैल गई।

सुल्तानपुर में पटाखा व्यवसाई के घर विस्फोट, आधा दर्जन से ज्यादा घायल, वीडियो से समझे पूरा मामला

पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही कूरेभार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर के कारण लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और हाईवे पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया ट्रेलर की तेज रफ्तार ही हादसे का कारण दिखाई दे रही है। हालांकि, दुर्घटना की पूरी जांच की जा रही है।

Location : 
  • Sultanpur

Published : 
  • 6 December 2025, 9:24 AM IST