
जर्जर सड़क बनी मुसीबत (IMG: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र में दातागंज रोड से गुलड़िया होते हुए ग्राम पंचायत मछली तक जाने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग से करीब दो दर्जन से अधिक गांव जुड़े हैं, जिससे हजारों ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने से पूरा मार्ग तालाब जैसा नजर आता है। ऐसे में वाहनों का निकलना तो दूर, लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार बाइक सवार और राहगीर गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
जर्जर सड़क का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा है। कीचड़ के कारण बच्चे अक्सर गिर जाते हैं और उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार एंबुलेंस भी गांव तक पहुंचने में परेशानी का सामना करती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की समस्या को लेकर जिला पंचायत अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और बच्चों, मरीजों समेत रोजाना आने-जाने वाले लोगों की परेशानी दूर होगी।
Location : Budaun
Published : 2 October 2026, 3:40 PM IST
Topics : Budaun News Damaged Road Road problem Rural Road